file_00000000f098720897271b052c071ea2_copy_1152x768

जीप दुर्घटना में तीन युवकों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

tharaghatanagarasata-japa_5ffb9f3004e3ee48556e36a46b9ee6d2
थुनाग (मंडी), 15 फरवरी 2026 महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर थुनाग क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। एमडीआर-91 लम्बाथाच–कल्हणी सड़क पर बुनालीधार के समीप तड़के करीब सुबह 4 बजे एक जीप अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटनाग्रस्त जीप में कुल चार युवक सवार थे, जो बगस्याड़–रहीधार क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान हृतिक ठाकुर (19 वर्ष, गांव रहीधार, डाकघर बगस्याड़, तहसील थुनाग), सुनील (17 वर्ष, गांव वह, डाकघर केलोधार, तहसील चच्योट) और ईशान (18 वर्ष, गांव थरजूण, तहसील चच्योट) के रूप में हुई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल कुशाल (18 वर्ष, गांव वह, तहसील चच्योट) को प्राथमिक उपचार के बाद नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार जीप के अनियंत्रित होने से यह हादसा हुआ। महाशिवरात्रि के दिन हुई इस दुर्घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। जंजैहली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

जयराम ठाकुर बोले—कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हिमाचल असमंजस की स्थिति में

jairam-thakur_14c0d3f39d3ed9c5212660d6b43e5cb8
ज्वालामुखी (कांगड़ा), 14 फरवरी 2026 पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों के कारण हिमाचल प्रदेश आज अनिश्चितता के दौर से गुजर रहा है। सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए लगातार केंद्र सरकार और पूर्व भाजपा सरकार पर आरोप मढ़ रही है, जबकि प्रदेश की आर्थिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। वह शक्तिपीठ ज्वालामुखी में मां ज्वाला के दर्शन और आशीर्वाद लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। जयराम ठाकुर ने कहा कि हाल ही में हुई सर्वदलीय बैठक में प्रदेश के वित्त सचिव ने स्वयं स्वीकार किया है कि हिमाचल गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है। इसके चलते सब्सिडी बंद होने, कर्मचारियों के वेतन रुकने, एरियर फ्रीज होने और विकास कार्यों पर रोक लगने जैसी स्थितियां बन सकती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य पहले ही ठप पड़े हैं और अब सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं से भी हाथ खींचने की तैयारी में है। पूर्व मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आरडीजी (रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट) बंद करने का निर्णय केवल हिमाचल के लिए नहीं, बल्कि देश के 17 राज्यों के लिए लिया गया है, जिसकी जानकारी राज्य सरकार को पहले से थी। इसके बावजूद चुनाव के समय प्रदेश की जनता को गारंटियां राज्य सरकार ने दी थीं, केंद्र सरकार ने नहीं, इसलिए उन्हें पूरा करना भी राज्य सरकार की ही जिम्मेदारी है। जयराम ठाकुर ने आगामी विधानसभा सत्र को लेकर बनी अनिश्चितता पर भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह स्थिति प्रदेश के लिए शुभ संकेत नहीं है। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री ने शनिवार को ज्वालामुखी के धुईं दी वा में आयोजित दंगल मेले में शिरकत की। इस दौरान उनके साथ भाजपा मंडल पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने हिमाचल क्राइम न्यूज़ को अपने 24 वर्ष पूर्ण करने पर शुभकामनाएं भी दीं और निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए संस्था की सराहना की।